ट्रम्प का कहना है कि एक ड्रोन विमान के मार गिराए जाने का बदला लेने के लिए ऐसा हमला जिसमें इतने लोगों के जीवन को ख़तरा हो एक उचित क़दम नहीं होता।
ईरान ने अपनी वायु सीमा का उल्लंघन करने के कारण, गुरुवार को स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में एक अमरीकी जासूसी ड्रोन को मार गिराया था।
ट्रम्प ने ट्वीट करके कहा है कि उन्होंने ईरान पर सीमित हमले का आदेश, हमला शुरू होने से ठीक पहले वापस ले लिया।
उन्होंने कहा, मैं जल्दबाज़ी में नहीं हूं, हमारी सेना ने नया (ड्रोन) बना लिया है जो मिशन पर जाने के लिए तैयार है।
हमले का आदेश वापस लेने के जिस कारण का ट्रम्प ने उल्लेख किया है, सैन्य विशेषज्ञों ने उसे नकार दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमरीकी राष्ट्रपति ने इस हमले का आदेश ईरान के जवाबी व्यापक हमले को मद्देनज़र रखते हुए वापस लिया है।
अमरीका के किसी भी हमले के जवाब में ईरान सीमित कार्यवाही नहीं करेगा, बल्कि वह क्षेत्र में मौजूद अमरीकी सैन्य ठिकानों और उन देशों को निशाना बनाएगा, जहां से अमरीका ईरान पर हमला करेगा।